शादी में जाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो लेकर फरार हुआ ड्राइवर, सूरत से गिरफ्तार

Spread the love

तीन साल तक मालिक के यहां की नौकरी, गाड़ी की मरम्मत और रखरखाव के नाम पर भी ऐंठे 2.50 लाख रुपए; पुलिस ने आरोपी को जेल भेजा, वाहन और रकम की तलाश जारी

दुर्ग-भिलाई। भिलाई में मालिक का भरोसा जीतकर उसकी स्कॉर्पियो लेकर फरार होने वाले ड्राइवर को खुर्सीपार पुलिस ने गुजरात के सूरत से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले करीब तीन साल से मालिक के यहां ड्राइवर की नौकरी कर रहा था। इसी दौरान उसने गाड़ी के रखरखाव और मरम्मत के नाम पर अलग-अलग किस्तों में 2.50 लाख रुपए भी ले लिए थे। शादी में जाने का बहाना बनाकर स्कॉर्पियो लेकर निकला आरोपी इसके बाद वापस नहीं लौटा। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

शादी में जाने की बात कहकर ले गया था गाड़ी

पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार के सुभाष मार्केट, जोन-02, सेक्टर-11 निवासी नरेश कुमार माथुर (53) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि राजस्थान के बाड़मेर निवासी राजेश कुमार बिसनोई (31) उनके यहां करीब तीन साल से ड्राइवर का काम कर रहा था। वह उनकी स्कॉर्पियो क्रमांक CG07 AR 0002 चलाता था।

29 नवंबर 2024 को राजेश शादी में शामिल होने की बात कहकर स्कॉर्पियो लेकर गया था। इसके बाद न तो वह वाहन लेकर वापस लौटा और न ही मालिक से कोई संपर्क किया। काफी तलाश करने के बाद भी ड्राइवर और वाहन का पता नहीं चलने पर मालिक ने पुलिस से शिकायत की।

मरम्मत के नाम पर भी लिए थे ढाई लाख रुपए

शिकायत में यह भी बताया गया कि आरोपी ने वाहन के रखरखाव और तकनीकी सुधार कराने के नाम पर मालिक से नगद और ऑनलाइन माध्यम से कुल 2.50 लाख रुपए लिए थे। आरोपी ने मालिक के भरोसे का फायदा उठाकर रकम हासिल की, लेकिन न तो पैसे लौटाए और न ही वाहन वापस किया। इस तरह मामले में वाहन लेकर फरार होने के साथ धोखाधड़ी का आरोप भी सामने आया।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर सूरत पहुंची पुलिस

मामले में खुर्सीपार पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(4) और 318(4) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन की मदद ली। जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन गुजरात के सूरत में मिलने पर पुलिस टीम वहां पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।

19 नवंबर को हुई गिरफ्तारी, स्कॉर्पियो की तलाश जारी

पुलिस ने आरोपी राजेश कुमार बिसनोई को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस चोरी कर ले जाई गई स्कॉर्पियो और धोखाधड़ी से ली गई 2.50 लाख रुपए की रकम की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। पुलिस के मुताबिक, अब तक वाहन और रकम बरामद नहीं हो सके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?