
31 जनवरी 2027 को होगी प्रवेश परीक्षा, लेट फीस के साथ 6 दिसंबर तक आवेदन का मौका; एनटीए ने जारी किया कार्यक्रम
रायपुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठवीं और नौवीं में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। प्रवेश के लिए अभ्यर्थी 2 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की ओर से दोनों कक्षाओं में प्रवेश के लिए ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जाम (AISSEE-2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 को किया जाएगा।
500 रुपए लेट फीस के साथ 6 दिसंबर तक आवेदन
एनटीए द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन और परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे निर्धारित की गई है। निर्धारित समय तक आवेदन नहीं कर पाने वाले अभ्यर्थियों को 500 रुपए अतिरिक्त विलंब शुल्क के साथ 3 दिसंबर से 6 दिसंबर 2026 तक आवेदन करने का अवसर मिलेगा। वहीं, आवेदन फॉर्म में त्रुटि सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी।
31 जनवरी को ओएमआर शीट पर होगी परीक्षा
AISSEE-2027 प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को पेन-पेपर मोड में ओएमआर शीट के माध्यम से आयोजित होगी। परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 25 जनवरी 2027 से एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे।
कक्षा 6वीं और 9वीं की परीक्षा अवधि अलग-अलग
कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए परीक्षा की अवधि 150 मिनट निर्धारित की गई है। इस परीक्षा में विद्यार्थियों को 13 भाषाओं में प्रश्नों का विकल्प मिलेगा। वहीं, कक्षा नौवीं की प्रवेश परीक्षा 180 मिनट की होगी और इसका आयोजन केवल अंग्रेजी माध्यम में किया जाएगा। दोनों परीक्षाओं में बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे।
एनटीए की वेबसाइट पर मिलेगी पात्रता और सिलेबस की जानकारी
प्रवेश परीक्षा के लिए आयु सीमा, शैक्षणिक पात्रता, आरक्षण व्यवस्था, पाठ्यक्रम और परीक्षा शुल्क से संबंधित विस्तृत जानकारी एनटीए की आधिकारिक सूचना पुस्तिका में उपलब्ध है। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन और अन्य जानकारी के लिए आधिकारिक वेबसाइट पर जा सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन की वेबसाइट: https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/
परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी या समस्या के लिए अभ्यर्थी एनटीए हेल्पडेस्क के नंबर 011-40759000 और 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा aissee@nta.ac.in पर ई-मेल के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।


