
राजनांदगांव सेक्टर की टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान, महाविद्यालय परिवार ने दी बधाई
डोंगरगढ़। शासकीय नेहरू स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोंगरगढ़ के वॉलीबॉल खिलाड़ी एवं हिंदी साहित्य प्रथम सेमेस्टर के छात्र मुसर्रत खान ने राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बेस्ट अटैकर का खिताब अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 12 से 14 अक्टूबर तक तिल्दा-नेवरा में आयोजित की गई थी। मुसर्रत की इस उपलब्धि से महाविद्यालय एवं क्षेत्र का गौरव बढ़ा है।
प्रतियोगिता में राजनांदगांव सेक्टर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस सफलता में महाविद्यालय के खिलाड़ियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इससे पहले महाविद्यालय की वॉलीबॉल टीम ने छुईखदान सेक्टर स्तरीय प्रतियोगिता में अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया था। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर महाविद्यालय के दो खिलाड़ी मुसर्रत खान एवं मोसेस अमोली का चयन राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ था।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मुसर्रत खान ने अपनी प्रतिभा, आक्रामक खेल शैली एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर बेस्ट अटैकर का पुरस्कार प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि को महाविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जम्बूलकर, विश्वविद्यालय खेल संचालक डॉ. मुन्नालाल नंदेश्वर, वर्तमान क्रीड़ा प्रभारी गुलशन सिन्हा सहित समस्त सहायक प्राध्यापकों एवं महाविद्यालयीन स्टाफ ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
महाविद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलकूद एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।

