रायपुर में 30 स्पा सेंटरों पर पुलिस का एक साथ अभियान, 100 से अधिक जवानों ने की जांच

Spread the love

15 पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पहुंचकर दस्तावेज, CCTV, स्टाफ रजिस्टर और कर्मचारियों का सत्यापन किया; दो सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने पर कार्रवाई

रायपुर, 30 अगस्त 2026। राजधानी रायपुर में स्पा सेंटरों की गतिविधियों और नियमों के पालन की जांच को लेकर पुलिस ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाया। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अंतर्गत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में संचालित करीब 30 स्पा सेंटरों पर एक साथ जांच की गई। कार्रवाई के लिए 15 पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जिसमें राजपत्रित अधिकारियों सहित 100 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।

अभियान का संचालन पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन के तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन की दीपमाला कश्यप के निर्देशन में किया गया। पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में पहुंचकर संचालन से जुड़े दस्तावेजों के साथ वहां की व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की जानकारी की जांच की।

CCTV और स्टाफ रिकॉर्ड की जांच

पुलिस ने सेंटरों में लगे CCTV कैमरों की स्थिति और रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके साथ ही ग्राहकों से संबंधित रजिस्टर, स्टाफ रजिस्टर, संचालक एवं कर्मचारियों के दस्तावेज तथा पुलिस वेरिफिकेशन की जानकारी भी देखी गई।

जांच के दौरान कर्मचारियों की उम्र से संबंधित दस्तावेजों का भी सत्यापन किया गया। इसके अलावा स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े लीज, किराया, स्वामित्व और आवश्यक अनुमति संबंधी दस्तावेजों की भी पड़ताल की गई।

दो सेंटरों में मिली आपत्तिजनक वस्तुएं

पुलिस जांच के दौरान डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल स्थित ला थाई स्पा सेंटर में आपत्तिजनक वस्तुएं मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों स्थानों के मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई शुरू की है।

आगे भी जारी रहेगी निगरानी

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि स्पा सेंटरों की गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी। जांच के दौरान यदि किसी सेंटर में नियमों का उल्लंघन, संदिग्ध गतिविधि या अन्य अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के इस अभियान का उद्देश्य स्पा सेंटरों के संचालन में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करना और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?