राज्य स्तरीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए खिलाड़ियों का चयन सम्पन्न

Spread the love

भिलाई में आयोजित चयन प्रक्रिया में जिलेभर के छात्र-छात्राओं ने दिखाया दमखम, 10 से 12 जुलाई को बिलासपुर में होगी प्रतियोगिता

भिलाई, 23 जून 2026। राज्य स्तरीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन हेतु सोमवार, 22 जून 2026 को शाम 5:30 बजे सेक्टर-10 स्थित गुंडिचा मंडप डोम शेड, भिलाई नगर में चयन प्रक्रिया का आयोजन किया गया। इस दौरान दुर्ग जिले में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विभिन्न क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चयन प्रक्रिया में सब जूनियर (अंडर-14), जूनियर (अंडर-17) तथा सीनियर (19 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग) के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और राज्य स्तरीय टीम में स्थान बनाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर सेक्टर-10 की पार्षद श्रीमती सुभद्रा उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी जिले का नाम रोशन करें और अधिक से अधिक पदक जीतकर लौटें।

आयोजकों ने बताया कि राज्य स्तरीय थाई बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन 10 से 12 जुलाई 2026 तक बिलासपुर के रेलवे स्टेडियम में किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रतियोगिता से पूर्व विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

थाई बॉक्सिंग दुर्ग जिला सचिव श्री जे.पी. राजू ने खिलाड़ियों से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए कहा कि भिलाई खेल प्रतिभाओं की नगरी है और यहां के खिलाड़ी राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारी के लिए शीघ्र ही विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम में कारा-कु-जू-बो-काई-कॉन कराते डो मार्शल आर्ट्स एंड योग एसोसिएशन के वरिष्ठ छात्र रामकुमार पांडे, गांधी सोनी, भरत लाल साहू, सुभाष सोनी, दीपेश आहूजा, रोहन देवांगन, विपिन दहाते, अक्षत चंद्रा, अरमान देवांगन, वेदांत साहू सहित बड़ी संख्या में जूनियर एवं सीनियर ब्लैक बेल्ट तथा ब्राउन बेल्ट खिलाड़ी उपस्थित रहे।

दुर्ग जिला थाई बॉक्सिंग संघ के अध्यक्ष श्री चिन्ना केशवलु ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भविष्य में इस खेल के विकास एवं विस्तार के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रतियोगिता की तैयारी करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?