दुर्ग ब्रेकिंग: मोहन नगर क्षेत्र के कुएं में मिली अज्ञात युवक की लाश, इलाके में फैली सनसनी

Spread the love

दुर्ग, 19 जून। शहर के मोहन नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक गहरे कुएं से अज्ञात युवक का शव बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई, वहीं पुलिस और SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहन नगर क्षेत्र स्थित लगभग 30 फीट गहरे कुएं में किसी व्यक्ति के डूबे होने की सूचना प्रशासन को मिली थी। सूचना के बाद जिला सेनानी के निर्देश पर SDRF की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के बीच टीम के जवान कुएं में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला।

बताया जा रहा है कि शव काफी समय तक पानी में रहने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र, निवास और अन्य जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा हाल ही में लापता हुए व्यक्तियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। जांच का केंद्र इस बात पर है कि युवक की मौत दुर्घटनावश कुएं में गिरने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

मोहन नगर पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मृतक की शिनाख्त और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?