
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जमीन में दबा खजाना मिलने की झूठी कहानी सुनाकर लोगों को ठगने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। उतई थाना पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो नकली धातु से सोने जैसे दिखने वाले बिस्किट तैयार कर ग्रामीणों को असली सोना बताकर बेचते थे।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी लोगों को बताते थे कि उन्हें जमीन में दबा हुआ खजाना मिला है, जिसमें सोने के बिस्किट और पुराने सिक्के शामिल हैं। इसके बाद वे बाजार मूल्य से आधी कीमत पर सोना बेचने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।
मजदूर से 10 हजार की ठगी के बाद खुला मामला
जानकारी के अनुसार बोरसी निवासी मजदूर जीतेंद्र साहू को आरोपियों ने 10 हजार रुपए में नकली सोना बेच दिया था। इसके बाद उन्होंने और अधिक सोना होने का दावा करते हुए बताया कि यह एक हांडी में दबा हुआ मिला था। संदेह होने पर पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
1.24 किलो नकली सोना बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 किलो 242 ग्राम वजन का सोने जैसा दिखने वाला नकली मेटल बिस्किट बरामद किया है। इसके अलावा एक नकली सिक्का, वारदात में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार, मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

खुद तैयार करते थे नकली सोना
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी विभिन्न धातुओं का उपयोग कर सोने जैसे दिखने वाले नकली बिस्किट तैयार करते थे। इसके बाद वे गांव-गांव घूमकर लोगों को खजाना मिलने की कहानी सुनाते और सस्ते दाम में सोना बेचने का झांसा देते थे। अधिक लाभ के लालच में कई लोग इनके जाल में फंस जाते थे।
पहले भी कर चुके हैं ठगी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी पन्नालाल पहले भी इसी तरह की धोखाधड़ी में शामिल रहा है। वहीं आरोपी दिनेश कुमार टंडन के खिलाफ मारपीट और संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
लैब जांच से होगा बड़ा खुलासा
एएसपी ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि बरामद नकली सोने को वैज्ञानिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद यह स्पष्ट होगा कि नकली सोना तैयार करने में किन धातुओं का इस्तेमाल किया गया था।
पुलिस की अपील
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जमीन में खजाना मिलने, आधे दाम में सोना बेचने या असामान्य लाभ का लालच देने वाले व्यक्तियों से सतर्क रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके। :::

