
राजनांदगांव। सोमनी थाना क्षेत्र में बीमार किशोरी को गलत मेडिकल रिपोर्ट के कारण पहले तो गर्भवती बता दिया गया। फिर पुलिस ने पूरी रात थाने में बिठाकर उसके व उसके स्वजन के साथ अपराधियों की तरह व्यवहार किया गया। सोमनी थाना क्षेत्र में 14 साल की बीमार नाबालिग को गर्भवती बता दिया गया। इतना ही नहीं उसे रात भर थाने में बिठाकर रात थाने में बिठाकर उसके प्रताड़ित किया गया, गला दबाने, गाली-गलौच और मारपीट की गयी है।
क्या है पूरा मामला
पूरा मामला जिले के सोमनी थाने का है. पीड़िता बच्ची सोमनी क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 साल की नाबालिग है। पिछले कुछ समय से बच्ची बीमार थी। मासिक धर्म से जुड़ी पेट दर्द की शिकायत थी। पेट दर्द की शिकायत बढ़ने के बाद परिजन उसे 25 मई को सोमनी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए ले गए।
स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने बीमार बच्ची को बताया गर्भवती
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के स्टाफ ने जांच के बाद बच्ची को गर्भवती बता दिया। जिसे सुन परिवार वालों के पैरों तले जमीन खिसक गयी। इसके बाद जो हुआ वह हैरान कर देने वाला था। बच्ची को गर्भवती बताने के बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गयी। फिर क्या सोमनी पुलिस ने देर रात किशोरी को उसके रिश्तेदार के घर से उठा लिया और पूरी रात थाने में बिठाए रखा।
रात भर थाने में बिठाकर किया गया टॉर्चर
आरोप है रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक उसे थाने में बिठाकर प्रताड़ित किया गया। महिला कांस्टेबल ने पूछताछ के नाम पर बच्ची को टॉर्चर किया। किशोरी का गला दबाने की कोशिश की, गाली-गलौच और मारपीट किया। इतना ही नहीं नाबालिग से बेहद ही शर्मनाक सवाल किया गया. पूछा गया, – उसने किससे सम्बन्ध बनाया। अगले दिन दुबारा बच्ची का टेस्ट कराया गया जिसमे रिपोर्ट नेगेटिव आई।
महिला आरक्षक पर मारपीट का आरोप
आरोप है जांच के दौरान भी बच्ची से मारपीट की गयी। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। महिला कांस्टेबल द्वारा गला दबाने के के चलते बच्ची के गले में सुजन हैं। बच्ची सदमे में हैं दो दिन से कुछ भी नहीं खा रही है।
चिकित्सक और थाना प्रभारी को हटाया
मामला सामने आने के बाद एक्शन लिया गया है। सीएमएचओ ने सोमनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मेडिकल ऑफिसर डॉ. मौन्या साहू को हटा दिया है। उसे बसंतपुर स्थित मातृ-शिशु अस्पताल में संलग्न किया गया है। दूसरी तरफ, सोमनी थाना प्रभारी निरीक्षक अरुण नामदेव को भी हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। तुमड़ीबोड़ चौकी प्रभारी निरीक्षक दिलीप पटेल को सोमनी में तैनात किया गया है।
एसपी ने क्या कहा
इस सम्बन्ध में एसपी अंकिता शर्मा ने बताया, प्रथम दृष्टया में थाना प्रभारी की लापरवाही सामने आयी है। उन्हें लाइन अटैच कर दिया गया है। इस मामले में जांच कराई जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।


