मौनी रॉय और सूरज नांबियार ने हाल ही में अपने अलग होने की पुष्टि कर दी है। दोनों ने सोशल मीडिया के जरिए तलाक की खबर साझा करते हुए फैंस से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। लेकिन इस बीच अभिनेत्री दिशा पाटनी का नाम भी विवादों में घसीटा जा रहा है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स दावा कर रहे हैं कि मौनी रॉय द्वारा सूरज नांबियार को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने के कुछ समय बाद दिशा पाटनी ने भी सूरज को अपनी फॉलोइंग लिस्ट से हटा दिया था। इसी बात को आधार बनाकर इंटरनेट पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। कई लोगों ने दिशा पाटनी को “होम ब्रेकर” तक कह दिया, जबकि कुछ यूजर्स ने उनके कमेंट सेक्शन में आपत्तिजनक टिप्पणियां भी कीं।
हालांकि, अब तक इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दिशा पाटनी ने भी पूरे मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। सोशल मीडिया पर फैल रही इन बातों को लेकर फैंस के बीच लगातार बहस जारी है।
मौनी और दिशा हैं अच्छी दोस्त
मौनी रॉय और दिशा पाटनी लंबे समय से अच्छी दोस्त मानी जाती हैं। दोनों कई बार साथ में छुट्टियां मनाते और सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते नजर आ चुके हैं। हाल ही में नुपुर सेनन की शादी में भी दोनों एक साथ दिखाई दी थीं। ऐसे में तलाक की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर दिशा को निशाना बनाया जाने लगा।
मौनी ने की थी प्राइवेसी की अपील
तलाक की खबर सार्वजनिक होने से पहले मौनी रॉय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर मीडिया और फैंस से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि उनके रिश्ते को लेकर मनगढ़ंत कहानियां और अफवाहें न फैलाई जाएं।
फिलहाल मौनी रॉय और सूरज नांबियार के अलग होने की खबर मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बनी हुई है, वहीं बिना किसी आधिकारिक जानकारी के दिशा पाटनी को ट्रोल किया जाना भी सोशल मीडिया यूजर्स के व्यवहार पर सवाल खड़े कर रहा है।

