मुंबई, 18 मई 2026। सिनेमाघरों में रिकॉर्डतोड़ कमाई करने वाली बहुचर्चित स्पाई-थ्रिलर फिल्म ‘धुरंधर 2 : द रिवेंज’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी धमाल मचा रही है। निर्देशक आदित्य धर और अभिनेता रणवीर सिंह की इस फिल्म को 14-15 मई की मध्यरात्रि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटफ्लिक्स पर रिलीज किया गया, जिसके बाद पाकिस्तान में इसे लेकर जबरदस्त दीवानगी देखने को मिली।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में पाकिस्तानी कंटेंट क्रिएटर माविया उमर फारूकी ने दावा किया कि फिल्म रिलीज होते ही पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स का सर्वर भारी ट्रैफिक के चलते क्रैश हो गया। वीडियो में उन्होंने बताया कि लोग रात 12 बजे से ही फिल्म देखने के इंतजार में बैठे थे और जैसे ही फिल्म प्लेटफॉर्म पर आई, लाखों लोगों ने एक साथ इसे स्ट्रीम करना शुरू कर दिया।
वीडियो में उनके टीवी स्क्रीन पर फिल्म लगातार बफर होती नजर आई। उन्होंने कहा कि इंटरनेट कनेक्शन सही होने के बावजूद भारी संख्या में यूजर्स के एक साथ जुड़ने से नेटफ्लिक्स सर्वर पर दबाव बढ़ गया। सोशल मीडिया पर इस दावे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
राजनीतिक और संवेदनशील विषयों पर आधारित इस फिल्म को पाकिस्तान सहित कई खाड़ी देशों में थिएटर रिलीज की अनुमति नहीं मिली थी। यही वजह रही कि वहां के दर्शकों में फिल्म को लेकर उत्सुकता काफी ज्यादा थी। ओटीटी रिलीज के बाद ‘धुरंधर 2’ पाकिस्तान की ट्रेंडिंग सूची में पहले स्थान पर पहुंच गई।
फिल्म में रणवीर सिंह ने भारतीय अंडरकवर एजेंट जसकीरत सिंह रंगी उर्फ हमजा अली मजारी का किरदार निभाया है, जो कराची के ल्यारी इलाके में घुसकर आतंकी नेटवर्क को खत्म करने का मिशन चलाता है। फिल्म में एक्शन, इमोशन और राजनीतिक घटनाक्रम का मिश्रण दर्शकों को काफी पसंद आ रहा है।
निर्माताओं ने अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए फिल्म का “रॉ एंड अनकट” संस्करण जारी किया है। इसमें कई ऐसे हिंसक और संवेदनशील दृश्य शामिल हैं जिन्हें भारतीय सेंसर बोर्ड ने थिएटर रिलीज के दौरान हटवा दिया था। यही वजह है कि विदेशी दर्शकों के बीच इस संस्करण को देखने की होड़ मची हुई है।
फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ‘धुरंधर’ फ्रेंचाइजी के दोनों भाग मिलाकर दुनियाभर में 3100 करोड़ रुपए से अधिक का कारोबार कर चुके हैं। फिल्म में संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं।
भारतीय दर्शकों को फिल्म की डिजिटल रिलीज के लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आईपीएल 2026 के चलते मेकर्स ने भारत में इसकी ओटीटी रिलीज टाल दी थी। अब यह फिल्म 4 जून 2026 को शाम 7 बजे जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम की जाएगी।


