अंबिकापुर में महिला से दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। घटना के आठ दिन बाद आरोपी को एमसीबी जिले के चिरमिरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी पर पहले से इनाम घोषित था।

अंबिकापुर 10 अप्रैल 2026। सरगुजा में हुए सनसनीखेज दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मिथुन पंडा को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी घटना के आठ दिन बाद एमसीबी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर) जिले के चिरमिरी स्थित हल्दीबाड़ी बाजार से की गई। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसके चलते क्षेत्र में भारी आक्रोश का माहौल बना हुआ था।
यह पूरी कार्रवाई सरगुजा और एमसीबी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस को आरोपी के चिरमिरी इलाके में होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर हल्दीबाड़ी बाजार से उसे पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने पूरी सतर्कता बरती, ताकि आरोपी किसी तरह से बच न सके।
गौरतलब है कि इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस प्रशासन पर आरोपी को जल्द पकड़ने का दबाव लगातार बढ़ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी और सरगुजा एसपी द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर कुल 40 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इस इनाम की घोषणा के बाद पुलिस ने अपनी तलाश और तेज कर दी थी।
बताया जा रहा है कि यह घटना अंबिकापुर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत महामाया मंदिर के मुख्य द्वार के समीप हुई थी, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था। महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई थी। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की जा रही थी।
पुलिस की टीम ने लगातार आठ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। अंततः चिरमिरी में उसकी मौजूदगी की पुष्टि होने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बताया जा रहा है कि महिला से रेप के बाद आरोपी ने उसकी हत्या की, इस दौरान उसके प्राइवेट पार्ट में बोतल भी डाल दी थी।

