
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक युवक पर प्रेम संबंध के नाम पर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करने का आरोप लगा है। मामला बिश्रामपुर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
2015 में शुरू हुआ संबंध, शादी का देता रहा झांसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बिश्रामपुर क्षेत्र निवासी आरोपी शुभम अग्रवाल ने वर्ष 2015 में युवती को प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद उसने शादी का वादा कर करीब 10 वर्षों तक युवती के साथ दैहिक संबंध बनाए। इस दौरान वह लगातार विवाह का आश्वासन देता रहा, जिससे युवती उसके भरोसे में बनी रही।
दूसरी जगह शादी की बात, फिर किया इंकार
बताया जा रहा है कि हाल ही में आरोपी की शादी की बातचीत किसी अन्य स्थान पर चल रही थी। इस दौरान परिवार में विरोध की स्थिति भी बनी। इसी बीच आरोपी ने पीड़िता से शादी करने से साफ इंकार कर दिया और फरार हो गया।
थाने पहुंची पीड़िता, मामला दर्ज
घटना से आहत पीड़िता ने बिश्रामपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। उसने आरोपी पर धोखे से शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है।
पुलिस जांच जारी, आरोपी की तलाश
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।


