
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के ग्राम नेवारीकला में एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय मासूम की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक की पहचान हर्ष कुमार साहू (कक्षा दूसरी) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह लगभग 10 बजे हर्ष स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान वह अपने दोस्तों के साथ पड़ोस में स्थित एक दो मंजिला मकान की छत पर पतंग उड़ाने पहुंच गया। छत पर सुरक्षा के लिए बाउंड्री वाल नहीं होने के कारण संतुलन बिगड़ने से वह करीब 30 फीट नीचे गिर गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और बच्चे को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, हर्ष अपने परिवार में दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसके पिता संजय कुमार साहू स्थानीय गैरेज में कार्यरत हैं। घटना के समय वे काम पर थे। बताया जा रहा है कि स्कूल जाने से पहले हर्ष ने अपने पिता से पैसे भी लिए थे, जिसे याद कर परिजन बेसुध हो गए।
हादसे के बाद अस्पताल में मां की हालत भी बिगड़ गई, वहीं परिवार और ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त है। नवरात्रि के बीच हुई इस घटना से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है।
मामले में पुलिस ने पंचनामा एवं पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे लापरवाही का मामला माना जा रहा है, जहां छत पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे।
अपील:
प्रशासन एवं पुलिस ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को छत या ऊंचाई वाले स्थानों पर खेलने के दौरान विशेष निगरानी में रखें और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

