पत्नी ने मां को खाना नहीं परोसा तो पति ने की हत्या ,बालोद में 6 दिन बाद खुलासा: पहले बोला- गिरकर मौत हुई, सख्ती में कबूला जुर्म

Spread the love


बालोद |
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मानसिक रूप से अस्वस्थ पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पहले पुलिस को गुमराह करते हुए दावा किया था कि उसकी पत्नी गिरकर मर गई, लेकिन जांच और सख्ती से पूछताछ के बाद उसने रस्सी से गला घोंटकर हत्या करने की बात कबूल कर ली।


मामला बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम देवी नवागांव का है। आरोपी धर्मेंद्र निषाद (43) मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। 23 फरवरी की शाम उसकी पत्नी सावित्री बाई निषाद (38) का शव तांदुला नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था।


घटनास्थल पर मिले संघर्ष के संकेत


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। 24 फरवरी को फॉरेंसिक और साइबर टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान महिला के गले पर कसाव के निशान मिले। पास में चप्पल उल्टी पड़ी थी, एक हाथ की चूड़ी टूटी हुई थी और दूसरे हाथ की मुट्ठी में घास व मिट्टी दबी हुई थी, जिससे संघर्ष की आशंका मजबूत हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।


पहले बोला- गिरकर मर गई होगी
जांच के दौरान आरोपी पति ने दावा किया कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार थी और संभव है कि गिरने से उसकी मौत हो गई हो। उसने यह भी कहा कि गिरने के दौरान रस्सी गले में फंस गई होगी।
हालांकि पुलिस को बयान संदिग्ध लगे। लगातार पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार धर्मेंद्र ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।


खाना परोसने को लेकर होता था विवाद


आरोपी के अनुसार, उसकी पत्नी पिछले दो वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह घर के सदस्यों, खासकर उसकी बुजुर्ग मां को खाना नहीं परोसती थी और कई बार खाना बनाना भी बंद कर देती थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।
आरोपी ने बताया कि 23 फरवरी की सुबह पत्नी शौच के लिए घर से निकली थी। वह दूसरे रास्ते से खेत पहुंचा और तांदुला नदी किनारे अरहर के खेत के पास साड़ी फाड़कर फंदा बनाया। उसी से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद तालाब में नहाकर घर लौट आया, ताकि किसी को शक न हो।


हत्या के बाद रचा खोजबीन का नाटक


हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी की तलाश का नाटक किया। रिश्तेदारों और गांववालों से पूछताछ की। साले को फोन कर पूछा कि क्या सावित्री मायके गई है।
शाम को गांव की महिलाओं ने झाड़ियों में शव देखा। आरोपी रिश्तेदार तिलक राम निषाद के साथ मौके पर पहुंचा और मोबाइल से फोटो लेकर सरपंच को भेजा। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।


बीएनएस की धारा 103 के तहत केस दर्ज


थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। एएसपी मोनिका ठाकुर ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार परिवार और ग्रामीणों को गुमराह करता रहा, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर सच सामने आ गया।
मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?