बालोद में बारातियों से भरी बस जब्त: शराबी चालक गिरफ्तार, 2 घंटे थाने के बाहर इंतज़ार करते रहे 20 से अधिक बाराती.. वीडियो वायरल

Spread the love

बालोद, 27 फरवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जब ट्रैफिक पुलिस ने बारातियों से भरी एक प्राइवेट बस के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। कार्रवाई के दौरान बस को जब्त कर लिया गया, जिससे 20 से अधिक बारातियों को करीब दो घंटे तक थाने के बाहर इंतज़ार करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के भटगांव से अभनपुर क्षेत्र के भाटापारा बेलर लौट रही बारात की बस को झलमला चौक के पास नियमित वाहन जांच के दौरान रोका गया। जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बस को सिटी कोतवाली थाना परिसर में खड़ा कराया और चालक को हिरासत में ले लिया।
बस में सवार सभी बारातियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया गया। हालांकि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई इस कार्रवाई के कारण बारातियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। नई बस की व्यवस्था होने में समय लगने के कारण उन्हें करीब दो घंटे तक थाने के बाहर इंतजार करना पड़ा।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित चालक के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सतर्कता से एक संभावित दुर्घटना टल गई और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?