सेक्टर-6 साईं मंदिर में सनसनीखेज चोरी, 7 नकाबपोशों ने गार्ड को बंधक बनाकर लूटा सोना-चांदी और नकदी

Spread the love

दुर्ग-भिलाई |
भिलाई के सेक्टर-6 स्थित साईं मंदिर सेक्टर-6 में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात सनसनीखेज चोरी की वारदात सामने आई है। करीब 7 नकाबपोश बदमाश मंदिर परिसर में घुसे, गार्ड को बंधक बनाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और साईं बाबा की मूर्ति पर चढ़े सोने-चांदी के मुकुट तथा दान पेटी में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी गई है।

गार्ड को बांधकर की बेरहमी से पिटाई
मंदिर के गार्ड ने पुलिस को बताया कि बदमाश अचानक उसके पास पहुंचे। आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए, आंखों पर कपड़ा बांधकर नाक दबा दी और डंडे से मारपीट की। उसे कुर्सी से गिराकर तीन बार पटका गया, जिससे वह बेहोश हो गया। गार्ड के चेहरे पर चोट के निशान हैं और उसका इलाज कराया जा रहा है।

गेट का ताला तोड़कर घुसे आरोपी
बदमाशों ने मंदिर के मुख्य गेट का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। गार्ड को काबू में करने के बाद आरोपियों ने दान पेटी का ताला तोड़ा और नकदी निकाल ली। साईं बाबा की मूर्ति पर चढ़े सोने-चांदी के मुकुट और चरण पादुका भी चुरा लिए। मंदिर परिसर में कई ताले टूटे मिले हैं और दरवाजों को नुकसान पहुंचा है। बड़ी छत्री को भी तोड़ा गया, लेकिन भारी होने के कारण आरोपी उसे ले नहीं जा सके।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। चोरी गई संपत्ति की कुल कीमत का आकलन अभी किया जा रहा है।

आसपास के घरों में भी कोशिश
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मंदिर के पीछे स्थित कुछ घरों में भी चोरी की कोशिश की गई। सभी आरोपी नकाब पहने हुए थे। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
मामले में सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि मंदिर में चोरी और गार्ड से मारपीट की घटना हुई है। केस दर्ज कर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?