
महासमुंद। जिले के भंवरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के जंगल में 17 वर्षीय किशोर का शव मिलने के बाद पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान कसडोल क्षेत्र के ग्राम सर्वा निवासी उद्रेश वर्मा के रूप में हुई है। वह पिछले 15 दिनों से लापता था।
मड़ाई मेला देखने गया, फिर नहीं लौटा
पुलिस के अनुसार, उद्रेश 29 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ टूड्री गांव में मड़ाई मेला देखने गया था। वापसी के दौरान उसने जमनीडीह गांव में रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की बात कही।

दोस्तों के मना करने के बावजूद वह रात करीब 11 बजे जमनीडीह पहुंचा और दोस्त के मोबाइल से युवती को कॉल कर उससे मिला। इसके बाद से वह लापता हो गया।
गुमशुदगी की रिपोर्ट और तेज हुई तलाश
30 जनवरी को उद्रेश के दोस्त धर्मेंद्र वर्मा ने भंवरपुर चौकी में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। कुछ दिनों बाद युवक का मोबाइल गांव के पास मिला, जिसके बाद पुलिस ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया।
डॉग स्क्वॉड और तकनीकी जांच की मदद ली गई, लेकिन शुरुआती जांच में कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
जंगल में मिला शव, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
तलाशी अभियान के दौरान युवती के गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर जंगल में दोपहर करीब 2 बजे उद्रेश का शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत एकत्र किए।
बताया जा रहा है कि शव के कुछ हिस्सों को जंगली जानवरों ने नुकसान पहुंचाया था। परिजनों ने कपड़ों और अन्य पहचान के आधार पर शव की पुष्टि की। शव डीकंपोज होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए रायपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।
गर्लफ्रेंड हिरासत में, हर एंगल से जांच
पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए मृतक की गर्लफ्रेंड को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या सहित सभी पहलुओं पर जांच जारी है।


