रायपुर के तेलीबांधा थाना क्षेत्र में देर रात दोस्तों के बीच शराब पार्टी खूनी संघर्ष में बदल गई। वर्चस्व को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
मृतक की पहचान भनपुरी निवासी आदित्य कुर्रे (21) के रूप में हुई है। वहीं उसका दोस्त अभय सारथी (20) गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है, जहां उसका इलाज जारी है।
आग जलाकर पी रहे थे शराब, पुरानी रंजिश ने लिया हिंसक रूप
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात करीब 10 बजे श्याम नगर इलाके की एक गली में आदित्य अपने दोस्त अभय के साथ लोकेश विश्वकर्मा, रजत दौडिया, अनुज यादव, आकाश विश्वकर्मा और दिव्यांश ध्रुव से मिलने पहुंचा था। सभी युवक आग जलाकर खुले में शराब पी रहे थे।
इसी दौरान किसी पुरानी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते वर्चस्व की लड़ाई में बदल गई। पहले हाथापाई हुई और फिर चार युवकों ने चाकू निकालकर आदित्य और अभय पर हमला कर दिया।
दौड़ाकर किया हमला, मौके पर ही युवक की मौत
हमलावरों ने आदित्य को दौड़ा-दौड़ाकर चाकू मारा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अभय गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने गली में खून फैला देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अभय को तुरंत अस्पताल भिजवाया।
चप्पल, सिगरेट और संघर्ष के निशान मिले
घटनास्थल से पुलिस को चप्पल, सिगरेट के पैकेट और संघर्ष के स्पष्ट निशान मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी वारदात को अंजाम देते और बाद में भागते हुए साफ दिखाई दे रहे हैं।
चार गिरफ्तार, एक आरोपी अब भी फरार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लोकेश, रजत, अनुज और आकाश को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दिव्यांश ध्रुव अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। सभी आरोपी 25 वर्ष से कम उम्र के बताए जा रहे हैं और आपराधिक प्रवृत्ति के हैं।
तेलीबांधा थाना पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से आगे की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


