
राजनांदगांव।
छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में एक बीयर बोतल में दो अलग-अलग ब्रांड के स्टीकर मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो बनाकर ग्राहक ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद आबकारी विभाग में हड़कंप मच गया है। विभाग ने मामले की जांच कर रिपोर्ट तैयार कर प्रदेश स्तर पर भेज दी है।
जानकारी के मुताबिक, शहर में एक ग्राहक अपनी पसंद की बीयर खरीदने वाइन शॉप पहुंचा था। जब उसने बोतल पर लगे स्टीकर को हटाया तो उसके नीचे दूसरी कंपनी का स्टीकर लगा मिला। यह देखकर ग्राहक हैरान रह गया और उसने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
बताया जा रहा है कि ऐसा मामला पहली बार सामने नहीं आया है। इससे पहले भी प्रदेश के अन्य इलाकों में इसी कंपनी की बीयर बोतलों पर अलग ब्रांड के स्टीकर मिलने की शिकायत सामने आ चुकी है। उस समय आबकारी विभाग ने कंपनी को नोटिस जारी कर जुर्माना भी लगाया था, जिसे कंपनी ने जमा कर दिया था। हालांकि करीब पांच महीने बाद फिर उसी तरह का मामला सामने आने से विभाग की चिंता बढ़ गई है।
बेचने पर थी रोक
आबकारी विभाग के अनुसार, सूरजपुर जिले में नवंबर में इसी तरह की घटना सामने आने के बाद प्रदेश स्तर से इस कंपनी की बीयर की बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई थी। इसके बावजूद होली के दौरान शहर के अंबेडकर चौक स्थित प्रीमियम वाइन शॉप में मौजूद स्टॉक में से एक सेल्समेन ने उक्त बीयर ग्राहक को बेच दी।
सेल्समेन को नोटिस
आबकारी अधिकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि प्रतिबंध के बावजूद बीयर की बिक्री किए जाने के मामले में संबंधित सेल्समेन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। वहीं पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट उच्च स्तर पर भेज दी गई है।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों के बीच भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। आबकारी विभाग का कहना है कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

