
दुर्ग। विजयादशमी के पावन अवसर पर 2 अक्टूबर 2025 को पुलिस लाइन दुर्ग में शस्त्र पूजन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मंत्रोच्चारण के साथ शस्त्रों की पूजा की और मां दुर्गा की विशेष आराधना कर सुख-शांति व बुराई पर अच्छाई की विजय की कामना की।
पुलिस लाइन के प्रशासनिक भवन स्थित उद्यान में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर जवानों तक ने भाग लिया। पूजा संपन्न होने के बाद पुलिस अधिकारियों द्वारा हर्ष फायरिंग की गई, जो कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। इस अवसर पर वाहनों का भी पूजन किया गया।
शस्त्र पूजन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिषेक झा, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाईनगर सत्यप्रकाश तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक छावनी हेमप्रकाश नायक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस आयोजन को साहस, निष्ठा और कर्तव्य भावना को सशक्त करने वाला बताया। विजयादशमी के दिन शस्त्र पूजन की परंपरा पुलिस बलों में आत्मविश्वास और ऊर्जा का संचार करने वाली मानी जाती है।