कोरिया में जंगली हाथी ने रोका व्यापारियों का रास्ता, माजदा गड्ढे में फंसा तो जान बचाने कूदे लोग; एक घायल

Spread the love

साप्ताहिक बाजार जा रहे 10 से 15 व्यापारियों के वाहन के सामने अचानक आ गया विशालकाय हाथी, दो महिलाएं दहशत में वाहन के अंदर छिपीं; कुछ देर बाद जंगल लौट गया हाथी

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में जंगली हाथी और व्यापारियों से भरे माजदा वाहन का आमना-सामना होने से अफरा-तफरी मच गई। साप्ताहिक बाजार में सामान बेचने जा रहे 10 से 15 व्यापारी उस समय बाल-बाल बच गए, जब अचानक जंगल से निकलकर एक विशालकाय हाथी सड़क पर आ गया। हाथी को सामने देखकर चालक ने वाहन पीछे करने की कोशिश की, लेकिन माजदा सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया। इसके बाद अपनी जान बचाने के लिए व्यापारियों को चलते वाहन से कूदकर भागना पड़ा। घटना में एक व्यापारी घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना 24 नवंबर को दोपहर करीब 2 बजे सोनहत-रामगढ़ मार्ग पर स्थित तुर्रिपानी जंगल की है। व्यापारी माजदा वाहन में सवार होकर साप्ताहिक बाजार जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान अचानक जंगल से निकलकर हाथी सड़क पर पहुंच गया। सामने विशालकाय हाथी देखकर चालक घबरा गया और उसने वाहन को पीछे करने का प्रयास किया, लेकिन वाहन सड़क किनारे गड्ढे में फंस गया।

वाहन से कूदकर भागे व्यापारी, दो महिलाएं अंदर छिपीं

माजदा के गड्ढे में फंसते ही वाहन में बैठे व्यापारियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हाथी के हमले की आशंका से कई व्यापारी अपनी जान बचाने के लिए वाहन से कूदकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एक व्यापारी गिरकर घायल हो गया। उसे हल्की चोट आने की जानकारी सामने आई है। वहीं, वाहन में मौजूद दो महिलाएं दहशत के कारण बाहर निकलने के बजाय अंदर ही छिपी रहीं।

कुछ देर तक वाहन के पास खड़ा रहा हाथी

प्रत्यक्ष घटनाक्रम के अनुसार, हाथी कुछ देर तक माजदा वाहन के पास ही खड़ा रहा। इस दौरान व्यापारियों की सांसें अटकी रहीं। हालांकि राहत की बात यह रही कि हाथी ने किसी पर हमला नहीं किया। कुछ समय बाद हाथी वापस जंगल की ओर लौट गया। उसके जाने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली।

टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी, सतर्कता जरूरी

बताया जा रहा है कि घटनास्थल गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आता है। इस इलाके में जंगली हाथियों की मौजूदगी बनी रहती है। ऐसे में जंगल से होकर गुजरने वाले मार्गों पर वाहन चालकों और ग्रामीणों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। यह घटना एक बार फिर मानव और वन्यजीवों के बीच बढ़ते आमने-सामने के टकराव के खतरे को उजागर करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?