
10 दिन की पैरोल पर मिली थी रिहाई, अवधि पूरी होने के बाद जेल नहीं लौटा कैदी गणेश देवांगन; हाईकोर्ट से जुड़े मामले में जेल प्रशासन ने मांगी कार्रवाई की रिपोर्ट
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या के मामले में सजा काट रहा एक कैदी पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद पिछले 18 वर्षों से फरार है। कैदी को महज 10 दिन की पैरोल मिली थी, लेकिन अवधि समाप्त होने के बाद भी वह केंद्रीय जेल रायपुर वापस नहीं लौटा। अब लंबे समय बाद कोतवाली थाना पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
फरार कैदी की पहचान गणेश देवांगन के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, उसे 23 जुलाई 2008 को रायपुर जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 10 दिन की पैरोल दी गई थी। पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद उसे निर्धारित समय पर केंद्रीय जेल रायपुर में सरेंडर करना था, लेकिन वह जेल नहीं पहुंचा। इसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका है।
जेल अधीक्षक के पत्र के बाद दर्ज हुआ मामला
इस मामले में केंद्रीय जेल रायपुर के अधीक्षक ने 19 नवंबर 2026 को कोतवाली थाना प्रभारी को पत्र भेजकर फरार कैदी के संबंध में कार्रवाई करने की मांग की थी। पत्र के साथ संबंधित दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए थे। जेल प्रशासन ने पुलिस से कैदी की वर्तमान स्थिति का पता लगाने और एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
दस्तावेजों के आधार पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुरानी बस्ती क्षेत्र का बताया गया है पता
जेल प्रशासन की ओर से भेजे गए दस्तावेजों में गणेश देवांगन का पता रायपुर के पुरानी बस्ती क्षेत्र में मिनीमाता चौक-बूढ़ेश्वर चौक के आसपास का बताया गया है। थाना सीमा और मूल प्रकरण से संबंधित जानकारी के आधार पर मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई की।
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से भी जुड़ा है मामला
जेल अधीक्षक ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि यह मामला छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से संबंधित है। इसी वजह से फरार कैदी की स्थिति और एफआईआर की जानकारी प्राथमिकता से उपलब्ध कराने की मांग की गई थी।
18 साल बाद भी पुलिस के सामने गिरफ्तारी की चुनौती
साल 2008 में 10 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया गणेश देवांगन आज तक वापस नहीं लौटा है। करीब 18 साल बीत जाने के बाद भी उसका सुराग नहीं मिल पाया है। अब पुलिस के सामने उसकी तलाश कर गिरफ्तारी करने की चुनौती है।
इस मामले ने जेल से पैरोल पर रिहा होने वाले बंदियों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। आखिर एक सजायाफ्ता कैदी इतने लंबे समय तक फरार कैसे रहा और उसकी तलाश में अब तक क्या कार्रवाई हुई, यह जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल कोतवाली पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

