सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर जेल से रिहा हुए अमित बघेल, समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली रैली; सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान

Spread the love

रिहाई के बाद छत्तीसगढ़ महतारी की आरती कर लिया आशीर्वाद, अडानी के खिलाफ प्रदर्शन की घोषणा; 2028 के चुनाव को लेकर भी दिया बड़ा बयान

रायपुर। हेट स्पीच मामले में जेल में बंद जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष अमित बघेल सोमवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रिहा हो गए। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही समर्थकों और पार्टी पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जेल से बाहर निकलते ही समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान ढोल-नगाड़े, डीजे और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया गया। बड़ी संख्या में समर्थक जेल के बाहर जुटे रहे और उनके साथ रैली के रूप में आगे बढ़े।

जेल से रिहा होने के बाद अमित बघेल सीधे गुरुघासीदास बाबा चौक स्थित महतारी अंगना पहुंचे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ महतारी की आरती कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान छत्तीसगढ़िया समाज के लोगों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद शहर के अलग-अलग स्थानों पर भी समर्थकों और समाज के लोगों ने उनका अभिनंदन किया।

अडानी के खिलाफ प्रदर्शन का किया ऐलान

रिहाई के बाद अमित बघेल ने आने वाले दिनों में अडानी के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी और कांग्रेस की सरकारों में छत्तीसगढ़िया लोगों के साथ अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सभी को वर्ष 2028 का इंतजार है और छत्तीसगढ़िया समाज के लोग आगामी चुनाव में सरकार को सत्ता से हटाने का काम करेंगे।

आंदोलन तेज करने और चुनावी रणनीति बनाने की तैयारी

अमित बघेल ने बताया कि पार्टी की आगामी रणनीति तय करने के लिए जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भी पार्टी बड़ी योजना तैयार कर रही है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले दिनों में सरकार के खिलाफ आंदोलन को और तेज किया जाएगा। रिहाई के बाद दिए गए उनके बयान से स्पष्ट है कि पार्टी अब राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की तैयारी में है।

हेट स्पीच मामले में दर्ज हुई थीं कई एफआईआर

गौरतलब है कि अमित बघेल हेट स्पीच के आरोपों के चलते जेल में बंद थे। उनके खिलाफ अलग-अलग राज्यों में प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। सुप्रीम कोर्ट से रिहाई का आदेश मिलने के बाद उनकी जेल से रिहाई का रास्ता साफ हुआ। रिहाई के बाद समर्थकों के बीच उनका भव्य स्वागत और राजनीतिक बयानों ने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?