दुर्ग में सीएम विष्णुदेव साय ने दी 402 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, रिसाली के लिए 137 करोड़ की नई घोषणाएं

Spread the love

362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन, 134.87 करोड़ की पेयजल योजना से मजबूत होगी जलापूर्ति; विरोध की तैयारी कर रहे NSUI पदाधिकारी पुलिस हिरासत में

दुर्ग। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले के दौरे के दौरान विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। उन्होंने रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसके साथ ही रिसाली के लिए करीब 137 करोड़ रुपए की चार नई घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिले में कुल 402 करोड़ 12 लाख रुपए से अधिक की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जा रहा है।

रिसाली में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों से क्षेत्र के नागरिकों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित वृहद पेयजल योजना पूरी होने से रिसाली नगर निगम के सभी क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था बेहतर होगी।

रिसाली को मिली 137 करोड़ रुपए की चार बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री ने रिसाली नगर निगम क्षेत्र के लिए 134 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से वृहद पेयजल योजना की घोषणा की। इसके अलावा निगम के वार्ड क्रमांक 1 से 40 तक स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की गई। वहीं नेवई मुक्तिधाम और जोरातराई मुक्तिधाम के उन्नयन एवं विकास के लिए 50-50 लाख रुपए स्वीकृत करने की घोषणा की गई। इन चारों घोषणाओं की कुल राशि लगभग 137 करोड़ 87 लाख रुपए है।

जिले में 362 विकास कार्यों पर 402 करोड़ रुपए से अधिक खर्च

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान जिले में कुल 40,212.70 लाख रुपए की लागत के 362 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया जा रहा है। इनमें 11,858.75 लाख रुपए की लागत के 39 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण और 28,353.95 लाख रुपए की लागत के 323 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

नगर निगम भिलाई क्षेत्र में 23 कार्यों का लोकार्पण और 182 कार्यों का भूमिपूजन प्रस्तावित है। भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्र में 11 कार्यों का लोकार्पण और 97 कार्यों का भूमिपूजन होगा। वहीं रिसाली में 2 कार्यों का लोकार्पण और 22 कार्यों का भूमिपूजन किया जाएगा। इसके अलावा अहिवारा नगर पालिका और विभिन्न विभागों के विकास कार्य भी इस कार्यक्रम में शामिल हैं।

साइबर थाना भवन और रुआबांधा पुलिस चौकी का लोकार्पण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला थाना सेक्टर-6 भिलाई के समीप लगभग 35 लाख रुपए की लागत से निर्मित नवीन रेंज साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही रुआबांधा पुलिस चौकी का भी उद्घाटन किया।

नवीन साइबर थाना दुर्ग, बालोद और बेमेतरा जिले में होने वाले साइबर अपराधों की शिकायतों एवं जटिल मामलों की जांच करेगा। यहां ऑनलाइन ठगी, डिजिटल अरेस्ट और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों की जांच के साथ डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण भी किया जाएगा।

मुख्यमंत्री के दौरे का विरोध करने की तैयारी, NSUI पदाधिकारी डिटेन

मुख्यमंत्री के दुर्ग दौरे के बीच NSUI ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी की थी। प्रदेश महासचिव आकाश कनौजिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भिलाई के खुर्सीपार चौक पर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की योजना बनाई थी। हालांकि, विरोध प्रदर्शन से पहले ही पुलिस ने NSUI के कई पदाधिकारियों को डिटेन कर लिया। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।

दौरे से पहले अधिकारियों ने लिया था तैयारियों का जायजा

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने एक दिन पहले ही तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया था। कलेक्टर अभिजीत सिंह, दुर्ग एसएसपी और नगर निगम के अधिकारियों ने विभिन्न कार्यक्रम स्थलों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। मुख्यमंत्री ने रिसाली के कार्यक्रम के बाद भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्रों में भी विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?