बिलासपुर में किन्नरों के दो गुट भिड़े: गुरु बनाने को लेकर विवाद, मिर्ची पाउडर छिड़कने और बाल पकड़कर घसीटने के आरोप; दोनों पर FIR

Spread the love

गुरु बनाने को लेकर विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक पक्ष ने मिर्ची पाउडर छिड़कने तो दूसरे ने बाल पकड़कर घसीटने का लगाया आरोप

बिलासपुर। तारबाहर थाना क्षेत्र में किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गुरु बनाने को लेकर शुरू हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग-अलग FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, रजिया खुरसेल किन्नर ने शिकायत में बताया कि वह अपने गुरु भाई अलिशा किन्नर के घर खाना खाने गई थी। वहां से वापस लौटते समय नाई मोहल्ले के पास पूजा, राजा और लाडो मिले। आरोप है कि तीनों उसे गुरु बनाने की बात कहकर अपने घर ले गए। वहां विवाद के बाद उसके साथ मारपीट की गई। रजिया ने आरोप लगाया कि पूजा किन्नर ने उसके चेहरे और शरीर पर मिर्ची पाउडर भी छिड़का।

दूसरे पक्ष ने बाल पकड़कर घसीटने का लगाया आरोप

वहीं, पूजा सोनी किन्नर ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रजिया खुरसेल किन्नर अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंची और पुरानी रंजिश को लेकर विवाद करने लगी। पूजा के मुताबिक, मौके पर देवी किन्नर समेत चार-पांच अन्य लोग भी मौजूद थे।

पूजा ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उसके साथ मारपीट की गई और बाल पकड़कर कमरे से बाहर तक घसीटा गया। इस दौरान उसके सिर के पीछे चोट लगने की बात भी शिकायत में कही गई है।

धमकी देने के भी आरोप

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पूजा का आरोप है कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही हैं और इससे पहले भी रजिया के साथ विवाद हो चुका है।

तारबाहर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है और घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस जांच के बाद ही मारपीट और अन्य आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?