
दंतेवाड़ा । जिले के कटेकल्याण क्षेत्र से दो वर्षीय मासूम बच्ची के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया, जिसने कुछ समय के लिए पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। हालांकि दंतेवाड़ा पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सक्रियता के चलते बच्ची को कुछ ही घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया।
जानकारी के मुताबिक कटेकल्याण के नदीकोंटा पारा में रहने वाली दो वर्षीय बच्ची बुधवार को अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान अज्ञात लोग उसे अपने साथ लेकर फरार हो गए। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार अपहरणकर्ता मध्यप्रदेश नंबर की एक कार में आए थे और बच्ची को लेकर मौके से निकल गए
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए दंतेवाड़ा पुलिस हरकत में आ गई और जिलेभर में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई। सभी थाना क्षेत्रों को अलर्ट पर रखते हुए संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर निगरानी बढ़ा दी गई।
पुलिस की लगातार कार्रवाई और सतर्कता का परिणाम यह रहा कि अपहरण के कुछ ही घंटों बाद बच्ची को बस स्टैंड के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
पुलिस ने इस मामले में कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल अपहरण के पीछे की वजह और आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
