
जिला दुर्ग के अछोटी स्थित सांदीपनी अकैडमी अछोटी दुर्ग में राष्ट्रीय वित्तीय साक्षरता प्रश्नोत्तरी (NFLQ) का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड तथा नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ सिक्योरिटीज मार्केट्स के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वित्तीय जागरूकता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए वित्तीय ज्ञान से जुड़े विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। इस प्रश्नोत्तरी के माध्यम से छात्रों को निवेश के मूल सिद्धांत, बचत के महत्व और जिम्मेदार वित्तीय निर्णय लेने की समझ विकसित करने का अवसर मिला। आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक साबित हुआ।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. हीरल पाठक के मार्गदर्शन में किया गया, वहीं आदित्य प्रताप सिंह ने एक समर्पित वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षक के रूप में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उल्लेखनीय है कि श्री आदित्य प्रताप सिंह अब तक देशभर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में 200 से अधिक वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं। उनके प्रयासों से विद्यार्थियों में स्मार्ट निवेश, जोखिम प्रबंधन और वित्तीय अनुशासन के प्रति जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
महाविद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को भविष्य में बेहतर वित्तीय निर्णय लेने के लिए प्रेरित करते हैं और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

