
दुर्ग। जिले में यातायात नियमों को लेकर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती का सकारात्मक असर अब सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों में दिखाई देने लगा है। पुलिस द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिसके चलते सड़क हादसों में होने वाली मौतों की संख्या में कमी आई है।
यातायात पुलिस के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 में 1 जनवरी से 10 मार्च के बीच सड़क दुर्घटनाओं में कुल 89 लोगों की मौत दर्ज की गई थी। इनमें जनवरी में 47, फरवरी में 30 और मार्च में 10 मार्च तक 12 लोगों की मौत हुई थी।
वहीं वर्ष 2026 में इसी अवधि के दौरान दुर्घटनाओं में मौत का आंकड़ा घटकर 62 रह गया है। इस साल जनवरी में 36, फरवरी में 23 और मार्च में 10 मार्च तक 3 लोगों की मौत हुई है। इस प्रकार पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष 27 कम लोगों की जान सड़क हादसों में गई है।
चालानी कार्रवाई में भी बड़ा इजाफा
यातायात पुलिस ने इस वर्ष नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करते हुए चालान की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। वर्ष 2025 में 1 जनवरी से 10 मार्च तक कुल 14,162 चालान किए गए थे। इनमें जनवरी में 5,364, फरवरी में 7,245 और मार्च में 10 मार्च तक 1,553 चालान शामिल थे।
वहीं वर्ष 2026 में इसी अवधि में चालानों की संख्या बढ़कर 26,234 हो गई है। इस साल जनवरी में 8,662, फरवरी में 14,704 और मार्च में 10 मार्च तक 2,868 चालान किए गए हैं। इस प्रकार पिछले साल की तुलना में इस वर्ष करीब 85 प्रतिशत अधिक चालान किए गए हैं।
प्रमुख चौक-चौराहों पर लगातार जांच अभियान
यातायात पुलिस द्वारा दुर्ग-रायपुर नेशनल हाईवे, सेंट्रल एवेन्यू मार्ग, सुपेला चौक, नेहरू नगर चौक और पावर हाउस चौक जैसे व्यस्त एवं दुर्घटना संभावित स्थानों पर लगातार वाहन जांच की जा रही है। इस दौरान हेलमेट जांच, ड्रिंक एंड ड्राइव टेस्ट और तेज तथा लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस द्वारा चालानी कार्रवाई के साथ-साथ लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। वाहन चालकों को हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग, शराब पीकर वाहन न चलाने और सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सलाह दी जा रही है।
