सिविक सेंटर भिलाई में कार से खतरनाक स्टंट, वीडियो वायरल होते ही पुलिस की त्वरित कार्रवाई

Spread the love

दुर्ग-भिलाई | दिनांक ———
भिलाई के सिविक सेंटर क्षेत्र में रविवार को एक युवक द्वारा बीच सड़क पर कार से खतरनाक स्टंट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिविक सेंटर की व्यस्त सड़क पर एक स्विफ्ट कार चालक ने तेज रफ्तार में गोल-गोल गाड़ी घुमाते हुए स्टंट किया। उस समय क्षेत्र में काफी संख्या में लोग मौजूद थे। अचानक हुई इस हरकत से वहां अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया।
स्टंट के दौरान कार ने सड़क किनारे खड़ी कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचा। वीडियो बनाए जाने का एहसास होते ही चालक वाहन को तेज रफ्तार में भगाकर मौके से फरार हो गया। वाहन क्रमांक CG 08 AN 3288 (राजनांदगांव पासिंग) बताया जा रहा है।


वीडियो वायरल होने के पश्चात भिलाई नगर थाना पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ की। पुलिस ने आरोपी स्वपनील कोठारी (21 वर्ष), निवासी दयानगर रिसाली, को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है। आरोपी के विरुद्ध लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस द्वारा युवक के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है तथा उससे सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। जिन वाहन मालिकों की गाड़ियों को क्षति पहुंची है, उनसे भी संपर्क कर आवश्यक जानकारी ली जा रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस प्रकार के खतरनाक स्टंट से बचें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि या दुर्घटना से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?