दुर्ग में दिनदहाड़े कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख की चोरी, CCTV में संदिग्ध बाइक सवार कैद

Spread the love

दुर्ग, 29 जुलाई। दुर्ग शहर में दिनदहाड़े एक कारोबारी की कार का शीशा तोड़कर 4.90 लाख रुपये से भरा बैग चोरी करने का मामला सामने आया है। वारदात पुलगांव थाना क्षेत्र के पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने हुई। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी कारोबारी का घर से ही पीछा कर रहा था।

पुलिस के अनुसार मुक्त नगर निवासी प्रमोद महेश्वरी, जिनकी कोडहा में देव एग्रो इंडस्ट्रीज के नाम से फैक्ट्री है, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर से 4.90 लाख रुपये लेकर स्विफ्ट कार से निकले थे। नकदी एक काले रंग के बैग में रखी गई थी, जिसे एक पार्टी को भुगतान के लिए ले जाया जा रहा था।

सुबह करीब 9 बजे प्रमोद महेश्वरी ने अपनी कार पोटिया रोड स्थित उत्सव शोरूम के सामने पार्क कर लॉक कर दी। इसके बाद वे दूसरी बाइक से दुर्ग के नया पारा स्थित अपने परिचित की दुकान चले गए। वहां से इंदिरा मार्केट में चाय पीने के बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी उत्सव शोरूम के संचालक का फोन आया कि उनकी कार का बाईं ओर का अगला शीशा टूटा हुआ है।

मौके पर पहुंचने पर कारोबारी ने देखा कि कार के अंदर रखा नकदी से भरा बैग गायब था। घटना की सूचना मिलते ही पुलगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया है। उसकी पहचान और तलाश की जा रही है। जांच अधिकारियों का मानना है कि आरोपी को कारोबारी के पास बड़ी रकम होने की पहले से जानकारी थी। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि उसने घर से ही कारोबारी का पीछा किया और मौका मिलते ही कार का शीशा तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गया।

पुलगांव थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?