
दुर्ग। भूगर्भशास्त्र में सभी विषयों का समावेश होता है, पृथ्वी से लेकर आकाश तक सभी के बारे में भूगर्भशास्त्र विषय में अध्ययन किया जाता है। ये उद्गार शासकीय विश्वनाथ यादव तामस्कर स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय, दुर्ग के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार सिंह ने विश्व जियोलॉजिस्ट दिवस के अवसर पर भूगर्भशास्त्र विभाग द्वारा ऑनलाईन रूप से आयोजित कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किये। भूगर्भशास्त्र विभाग की उपलब्ध्यिों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि अन्य विभागों को भी इससे प्रेरणा लेना चाहिए। कार्यकम के आरंभ में भूगर्भशास्त्र के प्रोफेसर डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व स्तर पर प्रतिवर्ष ‘अप्रेल माह के प्रथम रविवार को जियोलॉजिस्ट दिवस मनाया जाता है। अपने स्वागत उद्बोधन में भूगर्भशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. एस.डी. देशमुख ने विभाग की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए बताया कि सत्र 2025-26 में विभाग के विद्यार्थियों ने यूपीएससी, मध्य प्रदेश पीएससी, छत्तीसगढ़ पीएससी, नट, गेट आदि परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर विभाग एवं महाविद्यालय का नाम रौशन किया है।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित स्वामी आत्मानंद मॉडल कॉलेज, जगदलपुर के प्राचार्य डॉ. राजीव गुहे ने भूवैज्ञानिकों के संघर्षमय जीवन तथा भूगर्भशास्त्र विषय की महत्ता पर गहराई से प्रकाश डाला। डॉ. गुहे ने विद्यार्थियों से आव्हान किया कि वे थ्योरी के साथ-साथ मख्य रूप से फील्ड वर्क पर अपना ध्यान केन्द्रित करें। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण जीएसआई के पूर्व डायरेक्टर जनरल श्री नीतिश दत्ता ने इस अवसर पर विद्यार्थियों को जियोलॉजिस्ट डे की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह विषय काफी रोचक है, परंतु इसको समझने के लिए विद्याथियों को ज्यादा से ज्यादा फील्ड वर्क करना होगा। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर भूगर्भशास्त्र विषय के लगभग 100 से अधिक स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थी ऑनलाईन रूप से उपस्थित थे।


