
दुर्ग : ज्वेलरी दुकानों में चोरी की वारदातों पर लगाम कसते हुए दुर्ग जिले की नेवई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर एक महिला चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला ने ग्राहक बनकर ज्वेलरी दुकान में घुसकर सोने के टाप्स चोरी किए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के टाप्स और वारदात में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद कर ली है।
ये है पूरा मामला
मामले का संक्षिप्त विवरण यह है कि प्रार्थी सुजल जैन, निवासी महावीर कॉलोनी दुर्ग, ने नेवई थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कृष्णा टॉकीज रोड, रिसाली स्थित उपहार ज्वेलर्स नामक सोने-चांदी की दुकान में 17 दिसंबर 2025 की दोपहर करीब 1 बजे एक महिला ग्राहक बनकर आई। महिला ने सोने के टाप्स देखने के बहाने उन्हें हाथ में लिया और इसी दौरान मौका पाकर एक जोड़ी सोने के टाप्स चुपचाप अपने पास छुपा लिए।

कुछ देर बाद महिला “अभी आती हूं” कहकर दुकान से चली गई। बाद में जब दुकानदार ने सोने के डिब्बे का वजन मिलाया, तो एक जोड़ी सोने के टाप्स (वजन करीब 4 ग्राम, कीमत लगभग 45 हजार रुपये) कम पाए गए। इस पर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
जांच में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना के समय बैगनी रंग की स्कूटी से एक महिला संदिग्ध रूप से देखी गई थी। जांच के आधार पर पुलिस ने संगीता कोठारी (31 वर्ष) निवासी ग्राम खोला, थाना आर जामगांव, हाल मुकाम रिसाली सेक्टर भिलाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

कानूनी कार्रवाई
पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया। उसके मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने चोरी किए गए एक जोड़ी सोने के टाप्स और घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक CG 07 BV 6149 को गवाहों के सामने जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 412/2025, धारा 303 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

