
रायपुर, छत्तीसगढ़।
राजधानी रायपुर के डीडी नगर इलाके में घरेलू विवाद ने खौफनाक स्वरूप ले लिया। 8 दिसंबर की रात एक पत्नी ने अपने पति को पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना देर रात उस समय हुई जब पति अपनी भतीजी की शादी से घर लौटकर सोने गया था।
डीडी नगर पुलिस के अनुसार, मृतक अरुण पटवा (45 वर्ष) पर उसकी पत्नी ने पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी और कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से फरार हो गई। आग में झुलसे अरुण ने शोर मचाया तो पड़ोसी तुरंत पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। 70% तक झुलसे अरुण को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
22 साल पुरानी शादी, लगातार कलह
परिजनों ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उनका कहना है कि अरुण और उसकी पत्नी की शादी लगभग 22 साल पहले हुई थी, लेकिन लंबे समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। दंपत्ति की कोई संतान नहीं है और कई बार घरेलू कलह के मामले थाने तक पहुंचे थे। परिवार का आरोप है कि महिला पहले भी आत्महत्या का दबाव बनाकर परिवार को परेशान करती थी।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई
डीडी नगर पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आसपास के लोगों, परिजनों और रिश्तेदारों के बयान लिए जा रहे हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है जिसकी रिपोर्ट के बाद कई तथ्यों की पुष्टि होगी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
यह मामला एक बार फिर घरेलू विवादों की खतरनाक परिणति और परिवारिक तनाव के भयावह परिणामों को उजागर करता है।

