व्यापम द्वारा आयोजित अमीन भर्ती परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर रेडक्रॉस सभाकक्ष में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें केंद्राध्यक्षों, परिवहन अधिकारियों व उड़नदस्ता दल को दिशा-निर्देश दिए गए। परीक्षा 7 दिसंबर को 106 केंद्रों में आयोजित होगी, जिसमें 37,889 अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड और सुरक्षा दिशानिर्देश अनिवार्य किए गए हैं।

रायपुर, 2 दिसंबर 2025।छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा जल संसाधन विभाग के अंतर्गत आयोजित होने वाली अमीन भर्ती परीक्षा 2025 की तैयारियों को लेकर आज रेडक्रॉस सभाकक्ष, कलेक्ट्रेट में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार यह बैठक डिप्टी कलेक्टर उपेंद्र किण्डो की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें जिले के सभी परीक्षा केंद्राध्यक्षों, परिवहन अधिकारियों और उड़नदस्ता दल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डिप्टी कलेक्टर किण्डो ने कहा कि परीक्षा एक अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसकी निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी केंद्रों में पेयजल की उपलब्धता, दीवार घड़ियाँ, सुचारू पार्किंग व्यवस्था, साफ-सफाई और इमरजेंसी लाइट जैसी सुविधाएँ अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए केंद्राध्यक्ष अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का कड़ाई से पालन करें।
7 दिसंबर को 106 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा, 37,889 अभ्यर्थी होंगे शामिल
व्यापम रायपुर द्वारा आयोजित यह परीक्षा 07 दिसंबर 2025, रविवार को दोपहर 12:00 बजे से 02:15 बजे तक जिले के 106 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में कुल 37,889 उम्मीदवार शामिल होंगे। भीड़ को ध्यान में रखते हुए परिवहन अधिकारियों को केंद्रों के आसपास सुचारू यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन का निर्देश दिया गया।
अभ्यर्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड एवं सुरक्षा-निर्देश
परीक्षा के सुचारू संचालन हेतु व्यापम द्वारा अभ्यर्थियों के लिए कड़े सुरक्षा मानक लागू किए गए हैं—
- अभ्यर्थी हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आएँ।
- काले, गहरे नीले, हरे, जामुनी, मैरून, बैंगनी और चॉकलेटी रंग के कपड़े वर्जित हैं।
- अभ्यर्थी बिना पॉकेट वाला साधारण स्वेटर पहन सकते हैं, लेकिन जांच के दौरान स्वेटर उतारना अनिवार्य होगा।
- परीक्षा प्रारंभ होने के 2 घंटे पहले केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य है ताकि frisking एवं दस्तावेज सत्यापन किया जा सके।
- परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 11:30 बजे बंद कर दिया जाएगा।
- धार्मिक या सांस्कृतिक परिधान पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले रिपोर्ट करना होगा क्योंकि उन्हें अतिरिक्त सुरक्षा जांच से गुजरना होगा।
- परीक्षा में चप्पल पहनने की अनुमति होगी।
- कान में किसी भी प्रकार का आभूषण सख्त वर्जित है।
- परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, इलेक्ट्रॉनिक घड़ी, पर्स, स्कार्फ, बेल्ट, टोपी आदि ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
व्यापम ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का उपयोग करते पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
स्टाफ को दी गई विस्तृत प्रशिक्षण
इस बैठक में सहायक नोडल अधिकारी एवं जिला रोजगार अधिकारी केदार पटेल ने सभी केंद्राध्यक्षों, परिवहन अधिकारियों एवं उड़नदस्ता दल को परीक्षा संचालन से जुड़े दिशानिर्देशों का विस्तृत प्रशिक्षण दिया। उन्होंने सुरक्षा मानकों, आपातकालीन प्रोटोकॉल और गोपनीयता से संबंधित प्रावधानों पर विशेष बल दिया।

