रायपुर | छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के तहत रिक्त 1600 आदिवासी पदों पर तत्काल नियुक्ति की मांग को लेकर बुधवार को राजधानी रायपुर में बड़ा प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन के दौरान कुछ अभ्यर्थियों ने आत्मदाह की कोशिश की, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस के साथ झड़प के बाद कई अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेजा गया है, जबकि कुछ की तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सहायक शिक्षक भर्ती 2023 में कुल 2300 पद स्वीकृत थे, जिनमें लगभग 1600 पद अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया लंबित है और न्यायालय के आदेशों के बावजूद नियुक्ति नहीं की जा रही है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने 2 अप्रैल 2024 और 26 सितंबर 2025 को तथा सुप्रीम कोर्ट ने 28 अगस्त 2024 को भर्ती संबंधी स्पष्ट निर्देश दिए थे। इसके बावजूद राज्य सरकार और शिक्षा विभाग द्वारा आदेशों का पालन नहीं किया गया। अभ्यर्थियों ने इसे न्यायालय की अवहेलना बताया है।
आक्रोशित अभ्यर्थी और उनके परिजन 24 सितंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं। आंदोलन के दौरान अब तक 200 से अधिक युवाओं की तबीयत बिगड़ने की सूचना है। कई को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस बीच, पीड़ित अभ्यर्थियों ने राष्ट्रपति, राज्यपाल रामेन डेका, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को स्पीड पोस्ट के माध्यम से ज्ञापन भेजकर हस्तक्षेप की मांग की है। हजारों की संख्या में पत्र भेजे जाने का दावा किया गया है।
आदिवासी संगठनों का कहना है कि वर्षों की पढ़ाई और प्रशिक्षण के बावजूद युवाओं को रोजगार से वंचित रखा जा रहा है, जिससे सामाजिक और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक और उग्र किया जाएगा।
मुख्य मांगें:
सहायक शिक्षक भर्ती 2023 के तहत रिक्त 1600 आदिवासी पदों पर तत्काल नियुक्ति
हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का पूर्ण पालन
आमरण अनशन पर बैठे अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार ले
नियुक्ति में देरी के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

