
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जहां दिल्ली में प्रेमी की आत्महत्या की खबर से गहरे सदमे में आई 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना तोरवा थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक किशोरी मूल रूप से बैकुंठपुर जिले की निवासी थी और वर्तमान में तोरवा क्षेत्र में अपनी बुआ के साथ रह रही थी। कुछ समय पहले वह अपने प्रेमी के साथ दिल्ली गई थी, जहां दो दिन पूर्व युवक ने आत्महत्या कर ली। उसकी मौत की खबर और तस्वीर व्हाट्सएप के माध्यम से किशोरी तक पहुंची, जिसके बाद वह गहरे मानसिक आघात में चली गई।
परिजनों के मुताबिक, खबर मिलने के बाद से किशोरी लगातार चुप-चुप रहने लगी थी और मौत से जुड़ी बातें कर रही थी। परिवार के सदस्य उसे समझाने का प्रयास करते रहे और माहौल बदलने के उद्देश्य से उसे बुआ के घर रखा गया। रातभर परिजनों ने उस पर नजर भी रखी।
सोमवार सुबह किशोरी ने सामान्य रूप से परिजनों के साथ नाश्ता किया, हालांकि वह उदास दिखाई दे रही थी। करीब 11 बजे, जब घर के अन्य सदस्य अपने कामों में व्यस्त थे, उसी दौरान किशोरी ने कमरे में जाकर चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ देर बाद परिजनों ने जब कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली।
सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस संबंध में सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी अपने प्रेमी की मौत से गहरे मानसिक तनाव में थी और सदमा सहन नहीं कर पाई। परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।


