
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिला से मारपीट का एक मामला सामने आया है। यहां वन विभाग की एक नर्सरी परिसर में तैनात फॉरेस्ट गार्ड के साथ कुछ ग्रामीण युवकों ने कथित रूप से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक, फॉरेस्ट गार्ड नर्सरी परिसर में एक युवती के साथ मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवकों ने आपत्ति जताते हुए गार्ड को घेर लिया और उसके साथ हाथापाई की।
डंडे-बेल्ट से मारपीट, डांस कराने का आरोप
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वर्दी पहने गार्ड के साथ डंडे और बेल्ट से मारपीट की जा रही है। साथ ही मोबाइल पर गाना चलाकर उससे नाचने के लिए कहा गया। घटना के दौरान अभद्र व्यवहार किए जाने की भी बात सामने आई है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल इस मामले में पुलिस या वन विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना कब की है और संबंधित पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है या नहीं।
घटना के सामने आने के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। पुलिस द्वारा वीडियो की सत्यता और पूरे घटनाक्रम की जांच किए जाने की संभावना जताई जा रही है।


