जांजगीर में दिनदहाड़े ढाई लाख की लूट: बैंक से रकम निकालते ही ग्रामीण की रैकी, CCTV में कैद हुए बदमाश

Spread the love

जांजगीर-चांपा जिले में आज दोपहर दिनदहाड़े ढाई लाख रूपये की लूट की वारदात हो गयी। बताया जा रहा है कि बैंक से कैश निकालने के बाद ग्रामीण अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान बीच रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोककर रूपयों से भरा थैला छिनकर फरार हो गये। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू किया गया। वहीं पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी बैंक से ही ग्रामीण की रैकी कर रहे थे। बैंक के सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों का सुराग पुलिस के हाथ लगा है।
जानकारी के मुताबिक लूट की ये वारदात शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के राहौद का है। पुलिस के मुताबिक ग्राम राहौद निवासी गोपेश्वर कुमार पटेल ने गांव में ही रहने वाले श्याम चंदेल से ढाई लाख रूपये घरेलू काम के लिए उधार मांगे थे। श्यााम चंदेल ने गोपेश्वर कुमार के नाम पर एसबीआई बैंक का चेक जारी किया था। दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच गोपेश्वर ने पामगढ़ स्थित एसबीआई बैंक चेक से कैश भुगतान लेने पहुंचा था। बैंक से 2.50 लाख रुपये का आहरण करने के दौरान उसकी मुलाकात परिचित मिथिलेश नामक व्यक्ति से हुई। जिसके साथ वह वापस राहौद पहुंचा।
ग्राम राहौद पहुंचने पर उसने ग्रामीण बैंक के पास खड़ी अपनी साइकिल ली और नगदी से भरा थैला साइकिल के हैंडल में टांगकर घर की ओर रवाना हो गया। इसी दौरान दारास्ते में तालाब के बीच सामने से आए दो अज्ञात युवकों ने अचानक उसकी साइकिल रोक ली। आरोपियों ने साइकिल सहित थैला छीनने का प्रयास किया और धक्का-मुक्की के बाद नगदी से भरा थैला लेकर मौके से फरार हो गए। घटना इतनी अचानक हुई कि पीड़ित संभल भी नहीं पाया। दिनदहाड़े हुए इस लूट की वारदात की सूचना तत्काल राहौद पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया।
लेकिन देर शाम तक आरोपी पकड़ में नहीं आ सके। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संदिग्धों से पूछताछ करने में जुटी है। पुलिस को बैंक में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने ग्रामीण को मोटी रकम का आहरण करते देख उसकी रैकी बैंक से ही करना शुरू कर दिया था। इसके बाद सुनसान स्थान पर उसे अकेला पाकर उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने इस लूट की वारदात में शामिल आरोपियों की फोटो भी जारी की है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी की उम्मींद जतायी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?