सुशासन तिहार के तीसरे चरण की शुरूआत, मुख्यमंत्री ने ग्राम करिगांव में लगाया चौपाल
प्रदेश में सुशासन तिहार का तीसरा चरण आज से आरंभ हो गया है, जो आगामी 31 मई तक चलेगा। इस अभियान के पहले दिन मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सक्ती जिले के ग्राम करिगांव का आकस्मिक दौरा किया। उन्होंने गांव में पीपल के पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं तथा सुझाव सुने।
मुख्यमंत्री के अचानक गांव पहुंचने पर स्थानीय महिलाओं ने तिलक लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया। चौपाल में उन्होंने योजनाओं की प्रगति, ग्रामीण विकास, और लोक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। इसके पश्चात वे कोरबा के लिए रवाना हुए।
सुशासन तिहार का यह जनसंपर्क अभियान सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त चर्चा में है। एक्स (पूर्व ट्विटर) पर #CGkaSushasanTihar हैशटैग के साथ यह देशभर में ट्रेंड कर रहा है। अब तक इस हैशटैग के साथ 2704 पोस्ट किए जा चुके हैं और यह प्रथम स्थान पर ट्रेंड कर रहा है।
प्रदेश सरकार का यह प्रयास जनभागीदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के संकल्प को और मजबूती प्रदान कर रहा है।