
अर्जुन नगर से लापता तीन बालिकाएं सकुशल मिलींदुर्ग पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चार विशेष टीमों के प्रयास से उसलापुर से दस्तयाब
दुर्ग। थाना सुपेला क्षेत्र अंतर्गत अर्जुन नगर कैंप-1 से लापता हुई तीन बालिकाओं को दुर्ग पुलिस ने त्वरित व समन्वित कार्रवाई करते हुए सकुशल दस्तयाब कर लिया है। बालिकाओं को नियमानुसार सुरक्षित चिल्ड्रन होम में रखा गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 06 फरवरी 2026 को सायं लगभग 04:00 बजे अर्जुन नगर कैंप-1, सुपेला की रहने वाली तीन बालिकाएं घर से नाराज होकर बिना बताए चली गई थीं।
परिजनों की सूचना पर दिनांक 07 फरवरी 2026 को थाना सुपेला में गुमशुदगी के संबंध में अपराध क्रमांक 221/2026 एवं 222/2026 दर्ज कर विधिवत विवेचना प्रारंभ की गई।घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक (बालक विरुद्ध अपराध) चित्रा वर्मा के नेतृत्व में चार विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों द्वारा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन, गवाहों से पूछताछ तथा संभावित स्थानों पर लगातार पतासाजी की गई।
साथ ही आरपीएफ, जीआरपी एवं चाइल्ड लाइन से समन्वय स्थापित किया गया।प्राप्त सूचनाओं के आधार पर रेल्वे पुलिस के सहयोग से तीनों बालिकाओं को उसलापुर, जिला बिलासपुर से सकुशल दस्तयाब किया गया। सूचना मिलते ही परिजन दुर्ग पुलिस के साथ बिलासपुर के लिए रवाना हुए।इस सफल कार्रवाई में सुपेला पुलिस स्टाफ, महिला एवं बाल सुरक्षा इकाई, गठित विशेष टीमों तथा आरपीएफ, जीआरपी और चाइल्ड लाइन की सक्रिय व समन्वित भूमिका सराहनीय रही।
दुर्ग पुलिस की अपील:दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि बच्चों से संबंधित किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति या गुमशुदगी की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें। समय पर सूचना मिलने से त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई संभव हो पाती है।

