मां ने डांटा तो छात्रा ने लगा ली फांसी, कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली, फिर लौटकर नहीं लौटी

Spread the love

कोरबा जिले में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां मां की डांट से आहत होकर बीए प्रथम वर्ष की 20 वर्षीय छात्रा ने अपने नाना के बंद पड़े एसईसीएल आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।

कोरबा 30 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दुखद और संवेदनशील मामला सामने आया है। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के घुड़देवा इलाके में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा ने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि छात्रा अपनी मां की डांट से मानसिक रूप से आहत थी। इसी तनाव के चलते उसने अपने नाना के एसईसीएल आवास में फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान आरती टंडन (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम गुमिया, जिला जांजगीर-चांपा की निवासी थी। आरती कोरबा में रहकर कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थी। उसके पिता का नाम अजीत टंडन बताया गया है। पारिवारिक जानकारी के अनुसार, आरती बचपन से ही अपने नाना के साथ रहकर पढ़ाई कर रही थी।

आरती के नाना एसईसीएल (साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। रिटायरमेंट के बाद वे अपने पैतृक गांव चले गए थे। इसके बाद उनका एसईसीएल आवास क्रमांक बी-2/77 बंद पड़ा था, जिसकी चाबी आरती के पास रहती थी। इसी आवास में उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।

स्वजनों ने बताया कि घटना वाले दिन सुबह किसी बात को लेकर आरती की मां ने उसे समझाइश देते हुए फटकार लगाई थी। इससे आरती काफी परेशान हो गई। मां की डांट के बाद वह कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकल गई, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। जब काफी देर हो गई और आरती का कोई पता नहीं चला, तो परिवार के लोगों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान यह बात सामने आई कि घर में रखी नाना के आवास की चाबी गायब है। इस पर स्वजनों को अनहोनी की आशंका हुई और वे घुड़देवा स्थित नाना के एसईसीएल आवास पहुंचे। वहां देखा गया कि मकान अंदर से बंद था। संदेह और गहराने पर आरती का भाई पीछे की ओर से किसी तरह अंदर गया। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। आरती घर के भीतर फंदे से लटकी हुई मिली।

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। बांकीमोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस का कहना है कि फिलहाल यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों व अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?