छत्तीसगढ़ के इस जिले में बढ़ा इस बीमारी का प्रकोप,30 से ज्यादा लोग आए चपेट में, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप…..

Spread the love

दुर्ग। छत्तीसगढ़ की इस्पात नगरी भिलाई में एक बार फिर पीलिया ने पांव पसारना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि यहां 30 से अधिक लोगों को पीलिया की पुष्टि हुई है, जिसमें से अधिकतर 10 से 18 साल तक के बच्चे हैं। स्थानीय लोगों की मानें तो बीएसपी की पाइपलाइन से गंदे पानी की सप्लाई हो रही है, जिसके चलते लोग पीलिया की चपेट में आ रहे हैं।

भिलाई में पीलिया का प्रकोप

मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर 7 के वार्ड नंबर 67 में 30 से ज्यादा लोग पीलिया की चपेट में आ चुके हैं। पीछे तीन से चार दिनों में यहां लगातार एक के बाद एक पीलिया के मामले सामने आने लगे हैं। आज तक के आंकड़ों पर गौर करें तो मरीजों की संख्या अब 30 तक पहुंच चुकी है। मोहल्ले के लोगों ने निगम के स्वास्थ्य प्रभारी और बगल के वार्ड के पार्षद लक्ष्मीपति राजू को उसकी जानकारी दी। इसके बाद निगम का अमला और बीएसपी स्वास्थ्य विभाग की टीम यहां पहुंची।

मोहल्ले वालों का आरोप है कि लगातार बीएसपी के पाइपलाइन से गंदा पानी आ रहा है और उनकी मजबूरी है कि वह इस पानी को पीए। लगातार 10 मिनट गंदा पानी आने के बाद जब साफ पानी आता है, तब वह पीने का पानी भरते हैं। वही पानी आज पीलिया की वजह बन रहा है।

इधर स्वास्थ्य प्रभारी लक्ष्मीपति राजू का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पीलिया फैलने की जानकारी मिलने के बाद आज सुबह से वह लगातार वार्ड में पहुंचकर इसके निदान की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसकी मूल वजह बीएसपी की पुरानी पाइपलाइन है, जो नाले के अंदर से होकर गुजरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?