दुर्ग जिले के उतई क्षेत्र में एक अजीबोगरीब चोरी की घटना सामने आई है, जहां एक चोर बिना शर्ट के घर में घुस गया। उसकी हरकतें सीसीटीवी में कैद हो गईं और अब पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

दुर्ग 7 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड़ पेंडरी में चोरी की एक अनोखी घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां एक चोर रात के अंधेरे में बिना शर्ट पहने एक घर में घुस गया। उसकी इस अजीब हरकत और आत्मविश्वास भरी ‘सिक्स पैक’ एंट्री ने घरवालों के होश उड़ा दिए।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात की है जब घर के लोग अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। इसी दौरान एक युवक चुपके से घर में दाखिल हुआ। खास बात यह रही कि चोर ने शर्ट नहीं पहन रखी थी और हाथ में टॉर्च लेकर घर के कोनों में कुछ तलाश करता नजर आया। उसकी हरकतें देखकर ऐसा लग रहा था मानो वह किसी खजाने की तलाश में नहीं, बल्कि अपनी खोई हुई शर्ट ढूंढ रहा हो।
घर के सदस्यों की नींद तब खुली जब उन्हें कुछ हलचल का अहसास हुआ। जैसे ही उन्होंने बाहर आकर देखा, सामने बिना शर्ट का चोर टॉर्च लेकर घूमता नजर आया। अचानक सामने आने से चोर भी घबरा गया। इसके बाद घरवालों ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और शोर मचाया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
हालांकि, स्थिति उस वक्त पलट गई जब चोर ने मौका देखकर खुद को छुड़ा लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इस पूरी घटना का वीडियो घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसमें चोर की हरकतें साफ नजर आ रही हैं। वीडियो में वह काफी आत्मविश्वास के साथ घर के अंदर घूमता दिख रहा है, जिससे उसकी पहचान करना अब पुलिस के लिए आसान हो सकता है।

