दुर्ग जिला अस्पताल के पीछे नाली में मिला नवजात भ्रूण का शव, जांच में जुटी पुलिस

Spread the love

दुर्ग-भिलाई। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिला अस्पताल परिसर में शनिवार को एक संवेदनशील मामला सामने आया। अस्पताल के मातृत्व-शिशु विभाग के पीछे स्थित नाली में एक नवजात भ्रूण का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, कचरा बीनने वाली एक महिला ने नाली में कुछ बहता हुआ देखा। करीब जाकर देखने पर उसे नवजात का शव दिखाई दिया। इसके बाद उसने आसपास मौजूद लोगों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची दुर्ग सिटी कोतवाली पुलिस ने नाली से शव को बाहर निकलवाकर अपने कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मरच्युरी में रखवा दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार भ्रूण करीब 6 महीने का प्रतीत हो रहा है और उसका शरीर काफी हद तक विकसित था। घटना की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ लग गई। इस घटना को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि किसी ने डिलीवरी के बाद नवजात को नाली में फेंक दिया होगा, क्योंकि जिस स्थान पर शव मिला है वह जिला अस्पताल के मदर एंड चाइल्ड यूनिट के पीछे का हिस्सा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा जिंदा पैदा हुआ था या नहीं।
फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अस्पताल स्टाफ से भी पूछताछ कर रही है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा रविवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही बच्चे की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?