मजदूर पर प्राणघातक हमला करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग, 21 मार्च 2026। दुर्ग पुलिस ने मामूली विवाद में मजदूर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार भी जप्त कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र के ग्राम समोदा में 20 मार्च की सुबह करीब 7:30 से 8 बजे के बीच एक मजदूर पर हमला किए जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी परमेश्वर यादव ने शराब के नशे में काम को लेकर हुए विवाद के चलते गुस्से में आकर मजदूर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 290/2026 के तहत धारा 109 बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान आरोपी की पहचान कर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए उसे शीघ्र गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जप्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, घटना का मुख्य कारण मामूली विवाद और कार्य संबंधी कहासुनी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक विनय कुमार पटेल, आरक्षक हेमेन्द्र बघेल एवं आरक्षक महेश सोनी की सराहनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस की अपील
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें और शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। किसी भी आपराधिक घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?