सुकमा DSP पर जानलेवा हमला: रेप आरोप लगाने वाली महिला और रिटायर्ड फौजी दोस्त ने 450 किमी दूर आकर किया वार, हालत खतरे से बाहर

Spread the love

जगदलपुर |
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में पदस्थ DSP तोमेश वर्मा पर दंतेवाड़ा में जानलेवा हमला किया गया। 19 दिसंबर को कोर्ट के काम से सुकमा से दंतेवाड़ा पहुंचे DSP पर बीच शहर में चाकू से गले पर वार किया गया। इस हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल दंतेवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति अब खतरे से बाहर है।
पुलिस के मुताबिक, हमले में शामिल महिला दुर्ग जिले की रहने वाली है, जिसने करीब एक साल पहले DSP पर रेप का आरोप लगाया था और मोहननगर थाने में FIR दर्ज कराई थी। महिला अपने रिटायर्ड फौजी दोस्त रमाशंकर साहू के साथ करीब 400–450 किलोमीटर का सफर तय कर DSP की हत्या की नीयत से दंतेवाड़ा पहुंची थी।
हमले से पहले की गई रेकी
दंतेवाड़ा पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी एक दिन पहले दुर्ग से सुकमा पहुंचे और DSP की गतिविधियों की रेकी की। 19 दिसंबर को जब DSP कोर्ट कार्य के लिए सुकमा से दंतेवाड़ा आए और शहर में एक बाइक शोरूम के पास रुके, तभी महिला उनसे बातचीत के बहाने पास पहुंची। इसी दौरान पीछे से उसके साथी रमाशंकर साहू ने चाकू से गले पर वार कर दिया।
गंभीर रूप से घायल DSP ने साहस दिखाते हुए हमलावर को काबू में लिया। आसपास मौजूद लोगों ने भी मदद कर आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के पहुंचने तक उसे बांधकर रखा। पुलिस ने मौके से चाकू जब्त कर लिया है और महिला सहित दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।
पुराने विवाद से जुड़ा मामला
दंतेवाड़ा के ASP आर.के. बर्मन ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में हमला पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने घटना पर सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस घटना से छत्तीसगढ़ भयभीत है और पुलिस भी असुरक्षित महसूस कर रही है।
फिलहाल DSP तोमेश वर्मा का इलाज जारी है और पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?