
दुर्ग-भिलाई | दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में देसी शराब भट्टी के बाहर से एक्टिवा चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार घटना 17 फरवरी 2026 की है। मीनाक्षी नगर निवासी 32 वर्षीय सोनू श्रीवास ने पुलगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि दोपहर लगभग 4 से 4:30 बजे के बीच उन्होंने अपनी एक्टिवा क्रमांक CG 07 BQ 0204 को पुलगांव स्थित देसी शराब भट्टी गेट के पास खड़ी किया था। कुछ ही मिनटों बाद लौटने पर वाहन वहां से गायब मिला। आसपास तलाश करने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की। थाना पुलगांव की टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संदिग्धों पर निगरानी बढ़ाई और आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की एक्टिवा के साथ देखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने पुलगांव चौक से पोटिया कला शीतला मंदिर के पास निवासी देवनाथ निषाद उर्फ बबला (36) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।
आरोपी ने बताया कि चोरी के बाद उसने एक्टिवा को गौठान पारा स्थित पुलगांव तालाब के पास छिपाकर रखा था। उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर गवाहों की उपस्थिति में चोरी गई एक्टिवा बरामद कर जब्त कर ली।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई की, जिसके चलते महज पांच दिनों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर वाहन बरामद कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

