
अर्जुंदा (बालोद)।
शाहिद दुर्वासा निषाद शासकीय महाविद्यालय, अर्जुंदा, जिला बालोद में राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर गणित विभाग द्वारा विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत पोस्टर प्रतियोगिता एवं गणितीय क्षमता (Mathematical Ability) परीक्षण आयोजित किए गए, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पोस्टर प्रतियोगिता में कुल 15 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, वहीं गणितीय क्षमता परीक्षण में 31 विद्यार्थियों ने अपनी गणितीय समझ और कौशल का प्रदर्शन किया। पोस्टर प्रतियोगिता में Purvi (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम, कुसुमलता साहू (बी.एससी. अंतिम वर्ष) ने द्वितीय तथा मिर्जा आफरीन (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
गणितीय क्षमता परीक्षण में जयंत कुमार (बी.एससी. प्रथम सेमेस्टर) ने प्रथम, मोनाक्षी देवांगन (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि खिलेश्वरी (एम.एससी. प्रथम सेमेस्टर) एवं नेहा पटेल (बी.एससी. तृतीय सेमेस्टर) संयुक्त रूप से तृतीय स्थान पर रहीं।
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. जयनेन्द्र श्रीवास एवं सुश्री अंबालिका चौहान द्वारा किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सोमली गुप्ता ने की। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि, तार्किक सोच एवं सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करना रहा, जिसमें यह आयोजन पूरी तरह सफल सिद्ध हुआ।

