
/ दुर्ग जिले के रानी तराई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम केसरा में शनिवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके ही खेत में मिला। मृतक के शरीर पर गहरे जख्म के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतक की पहचान बाजार चौक निवासी अमरजीत साहू के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार अमरजीत शनिवार शाम खेत में काम करने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे।
रात बढ़ने पर परिजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की। जब परिजन खेत पहुंचे तो वहां मेड़ के पास अमरजीत का शव पड़ा मिला। शव की हालत देख परिजनों के होश उड़ गए। शरीर पर कई गहरे और संदिग्ध जख्म साफ नजर आ रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही रानी तराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस द्वारा घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साथ ही टावर डंप के जरिए मृतक के मोबाइल कॉल डिटेल्स की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले मृतक किन लोगों के संपर्क में था।

