
रायपुर | राजधानी रायपुर के रेलवे स्टेशन परिसर स्थित एक कैफे में युवतियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर जमकर मारपीट हो गई। आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने पहले युवतियों को फ्लाइंग किस देकर आपत्तिजनक कमेंट्स किए और विरोध करने पर कुर्सियां उठाकर हमला कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।
जानकारी के अनुसार 13 मार्च की रात करीब 12 बजे एक युवती अपने घर पर केक काटने के बाद बर्थडे सेलिब्रेट करने दोस्तों के साथ बाहर निकली थी। तीन युवतियां और उनके दो साथी युवक रेलवे स्टेशन परिसर स्थित कैफे लाइट में खाना खाने पहुंचे थे। उसी दौरान वहां पहले से मौजूद तीन युवक नशे की हालत में बैठे हुए थे।
फ्लाइंग किस और आपत्तिजनक कमेंट का आरोप
युवती पक्ष का आरोप है कि नशे में धुत युवकों ने उन्हें देखकर फ्लाइंग किस किया और आपत्तिजनक कमेंट्स करने लगे। शुरुआत में विवाद से बचने के लिए युवतियों और उनके साथियों ने इसे नजरअंदाज किया, लेकिन कुछ देर बाद तीनों युवक उनके टेबल के पास आकर बैठ गए और बदसलूकी करने लगे।
विरोध करने पर शुरू हुई मारपीट
जब युवतियों के साथ आए युवकों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कैफे की कुर्सियां उठाकर हमला करना शुरू कर दिया। घटना से कैफे में अफरातफरी मच गई। मारपीट के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद युवतियां और उनके साथी जीआरपी थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने उन्हें सुरक्षित उनकी कार तक पहुंचाया। बाद में वायरल वीडियो सामने आने के बाद 15 मार्च को दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी
जीआरपी थाना प्रभारी भूपेश राठौर के मुताबिक युवतियों की ओर से तीन युवकों के खिलाफ छेड़छाड़, अश्लील हरकत और मारपीट की शिकायत दर्ज की गई है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस कैफे में लगे सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

